भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बोकारो पहुंचे। जहां भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सेक्टर-4 सिटी सेंटर स्थित अपनी मौसी के आवास भी पहुंचे, जहां परिवार के लोगों से मुलाकात की।
बोकारो पहुंचने पर नया मोड़ स्थित बिरसा चौक पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भाजपा के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इस दौरान नितिन नवीन सभी कार्यकर्ताओं से गाड़ी से उतरकर बारी-बारी मिले। इस दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखा। सभी ने दावा किया कि आने वाले समय में झारखंड के साथ बोकारो में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी।
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सेक्टर-4 सिटी सेंटर स्थित अपनी मौसी के आवास पहुंचे। उनकी बड़ी मौसी शोभा रानी लाल का हाल ही में निधन हो गया था। बोकारो पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और फिर परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को उनलोगों पर हमला बोला जो देश के युवाओं को नकारात्मक राजनीति की ओर ले जाना चाहते हैं। उन्होनें कहा कि जो लोग इस देश के युवाओं को नेगटिव पॉलिटिक्स की ओर ले जाना चाहते हैं, मैं उनको चेतावनी देता हूं कि भारत का युवा पॉजिटिव पॉलिटिक्स करेगा। शनिवार को रांची में एक बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर बिना नाम लिए जमकर निशाना साधा।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन छह जून को दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला झारखंड दौरा है। रांची में उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय में सांसद-विधायकों और कोर कमेटी के सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठक की, इसमें चुनावी और सांगठनिक समीक्षा की गई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष 7 जून को बोकारो पहुंचे। रांची से बोकारो आने के क्रम में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।