बेरमो CCL गोविंदपुर परियोजना में CBI की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते दो क्लर्क गिरफ्तार

बोकारो के बेरमो से बड़ी खबर है, जहां CCL की गोविंदपुर परियोजना में CBI की एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 हजार रुपये रिश्वत लेते दो क्लर्कों को गिरफ्तार किया है।

बोकारो के बेरमो से बड़ी खबर है, जहां CCL की गोविंदपुर परियोजना में CBI की एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 हजार रुपये रिश्वत लेते दो क्लर्कों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में CMPF डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज शामिल है। दोनों पर एक सेवानिवृत्त कर्मी के लंबित CMPF और पेंशन भुगतान को क्लियर कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

मामला बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के कथारा स्थित गोविंदपुर परियोजना कार्यालय का है। बताया जा रहा है कि जनता नगर निवासी रसूल जमा गोविंदपुर परियोजना के सर्वे विभाग में कार्यरत थे और करीब सात महीने पहले सेवानिवृत्त हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उनका CMPF और पेंशन भुगतान लंबित था।

आरोप है कि भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में दोनों क्लर्क रिश्वत की मांग कर रहे थे। परेशान होकर रसूल जमा ने धनबाद CBI से शिकायत की। शिकायत की पुष्टि के बाद CBI ने ट्रैप की योजना बनाई।

शुक्रवार को इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में CBI टीम करीब साढ़े 11 बजे परियोजना कार्यालय पहुंची। शिकायतकर्ता ने जैसे ही 18 हजार रुपये दिए, टीम ने दोनों क्लर्कों को पकड़ लिया। CBI दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट