बोकारो: माराफारी थाना क्षेत्र के झोपड़ी कॉलोनी निवासी अमित शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। डोमपाड़ा के नीचे खाली जगह से युवक का शव मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए भूरा उर्फ सूरज कुमार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 17-18 अक्टूबर की रात हुई इस घटना के पीछे नशा करने के लिए पैसे मांगने और नहीं मिलने पर हुए विवाद की बात सामने आई है। घटनास्थल से बरामद चप्पल, गमछा और ‘हर-हर महादेव’ लिखा गंजी आरोपी से संबंधित बताए गए हैं। तकनीकी साक्ष्यों, डॉग स्क्वॉड और जांच के आधार पर पुलिस ने मामले का उद्भेदन किया।
जांच के दौरान आरोपी की मां और बहनों के बयान भी महत्वपूर्ण रहे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट