राज्य के बोकारो जिले के चंदनक्यारी इलाके से खबर है। मिली जानकारी के अनुसार एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए गई महिला की मौत हो गयी। परिजनों का आरोप है कि गलत नस कटने के कारण महिला की मौत हुई। मौत के बाद महिला के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल काटा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार चंदनक्यारी अंतर्गत रहने वाली महिला रम्पा स्वर्णकार चास स्थित एक निजी हॉस्पिटल में ईलाज के लिए गयी थी। जहां गलत नस कटने से उसकी हालत खराब हो गयी। जिससे महिला की मौत हो गयी। मृतका के परिजन सनातन पाल ने बताया कि रम्पा स्वर्णकार को चास स्थित एक निजी हॉस्पिटल में कॉपर टी निकालवाने के साथ-साथ बच्चेदानी के ऑपरेशन करना था। जिसको लेकर महिला के परिजन वहां गए थे। रम्पा को गत 27 जून को भर्ती किया गया था। मरीज की ऑपरेशन के बाद उसकी तबीयत ज्यादा खराब हुई। इसके बाद परिजनों को अस्पताल प्रबंधन की ओर से दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया। जैसे ही परिजन अपने मरीज को दूसरे अस्पताल ले गए, वहां बताया गया कि इसका पहले जो ऑपरेशन किया गया था। वह गलत तरीके से किया गया है। जिसमें ऑपरेशन के दौरान गलत नस कट जाने से मरीज की हालत ज्यादा खराब है। मरीज का दोबारा ऑपरेशन करना होगा।
मिली खबर के अनुसार दोबारा ऑपरेशन के बाद मरीज की चार से छह घंटे के बाद हालत गंभीर हो गई और तीन जुलाई की रात 10 बजे के करीब मरीज की मौत हो गई। मौत की खबर सामने आने के बाद परिजनों ने इसको लेकर निजी अस्पताल के ऊपर गलत ऑपरेशन से मरीज की मौत होने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इस दौरान परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि अस्पताल के गेट में अंदर से ताला लगा दिया गया और सभी चिकित्सक अस्पताल से गायब हो गए। इधर हंगामा की खबर मिलने पर चास थाने की पुलिस मौके पर पहुंची है। फिलहाल पुलिस मामले की पडताल में जुटी है।
बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट