बोकारो में फिर गिरी पानी की टंकी, बाल-बाल बचे लोग; BSL प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप

बोकारो में फिर गिरी पानी की टंकी, बाल-बाल बचे लोग; BSL प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप

बोकारो स्टील के आवासीय इलाकों में पानी की टंकियों के गिरने की घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला सेक्टर-12 ई का है, जहां देर शाम एक आवासीय ब्लॉक की पानी की टंकी अचानक ढहकर सीढ़ियों पर जा गिरी। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन टंकी गिरने से ब्लॉक की सीढ़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

बताया गया कि सेक्टर-12 ई में आवास संख्या 1285 से 1290 वाले ब्लॉक की पानी की टंकी अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी। सीढ़ियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हुई और वे कुछ समय तक अपने आवासों में ही फंसे रहे।

घटना के बाद काफी देर तक बोकारो स्टील प्रबंधन के अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई। आवासीय ब्लॉक में रहने वाले रिटायर्ड बीएसएल कर्मचारियों ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मरम्मत के नाम पर सिर्फ औपचारिकता पूरी की जा रही है।

2022 में हुई थी टंकी की मरम्मत

स्थानीय निवासियों के मुताबिक, जिस पानी की टंकी के गिरने से यह हादसा हुआ, उसकी मरम्मत वर्ष 2022 में कराई गई थी। उनका दावा है कि उस दौरान टंकी की वास्तविक मजबूती और संरचनात्मक स्थिति की जांच करने के बजाय केवल रंग-रोगन कर काम पूरा कर दिया गया।

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते जर्जर ढांचों की जांच और मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में इससे बड़ा हादसा हो सकता है।

घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने बीएसएल प्रबंधन से आवासीय ब्लॉक की व्यापक सुरक्षा जांच कराने की मांग की है। साथ ही जर्जर पानी की टंकियों और सीढ़ियों की तत्काल मरम्मत कराने की अपील की गई है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।

बोकारो से चंदन सिंह की रिपोर्ट