शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी, इस परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को मिलेंगी पुस्तकें

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) से मैट्रिक की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पुस्तकें उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

पटना: शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबोस) से मैट्रिक की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पुस्तकें उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने के लिए एक महीने का ब्रिज कोर्स संचालित करने पर भी जोर दिया। शिक्षा मंत्री बुधवार को मीठापुर स्थित चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित बीबोस की सामान्य निकाय की छठी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। करीब 11 वर्षों बाद आयोजित इस बैठक में मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

शिक्षा मंत्री ने पढ़ाई के साथ काम करने की इच्छुक जीविका दीदियों को बीबोस के माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने और परीक्षा देकर प्रमाण-पत्र हासिल करने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने हर माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर विशेष शिविर लगाने को कहा। इन शिविरों में बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया जाएगा। बैठक में मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए एआई के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। साथ ही बिहार बाल भवन किलकारी और शिक्षा विभाग के बीच एमओयू करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके तहत चित्रकला, नाटक, नृत्य और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों की परीक्षा लेकर उनके कौशल के अनुरूप प्रमाण-पत्र देने की पहल की जाएगी।

बैठक में चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. फैजान मुस्तफा, बीबोस के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी सज्जन आर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अनन्य सिंह, किलकारी की निदेशक ज्योति परिहार, शिक्षाविद् एवं गैर-पदेन सदस्य सायन कुणाल सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।