कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं की शिक्षा मंत्री ने भी उतारी आरती

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कुर्जी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कुर्जी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने शिक्षा मंत्री को राखी बांधी और उनका आरती उतारकर स्वागत किया। शिक्षा मंत्री ने भी छात्राओं की आरती उतारी और उनसे आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने विद्यालय से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से उन्हें अवगत कराया। श्री तिवारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

शिक्षा मंत्री ने मौके पर मौजूद विभागीय पदाधिकारियों को विद्यालय की आवश्यक जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यालय के मध्याह्न भोजन की रसोईघर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रसोईघर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि छात्राओं को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो सके।

शिक्षा मंत्री से मिलकर विद्यालय की छात्राओं में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली। छात्राओं ने उनके समक्ष राखी गीत प्रस्तुत किया। शिक्षा मंत्री ने छात्राओं को उपहार भी प्रदान किए। रक्षाबंधन का यह आयोजन छात्राओं और शिक्षा मंत्री के बीच स्नेह, अपनत्व और विश्वास का भाव मजबूत करने वाला रहा। छात्राओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह इस बात की झलक दे रहा था कि उनके लिए यह रक्षाबंधन का अवसर बेहद खास और यादगार बन गया।