मुर्गा फार्म और बोरे पर बैठाकर परीक्षा लेने का माला, तलब किये गये शिक्षक

राज्य के पूर्णिया जिले में विद्यार्थियों की परीक्षा पेड़ के नीचे, बोरे पर बैठा कर और मुर्गा फार्म में कराए जाने की खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग एक्शन मोड में आ गया है।

पटना: राज्य के पूर्णिया जिले में विद्यार्थियों की परीक्षा पेड़ के नीचे, बोरे पर बैठा कर और मुर्गा फार्म में कराए जाने की खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग एक्शन मोड में आ गया है। विभाग के स्तर पर ऐसी सूचना आने के बाद अब शिक्षकों को तलब किया गया है और उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार ऐसी सूचना सामने आयी थी कि पूर्णिया जिले के बी. कोठी प्रखंड के ओरलाहा स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों की परीक्षा पेड़ के नीचे, बोरे पर बैठा कर और मुर्गा फार्म में कराया गया है। खबर सामने आने के बाद इस मामले में डीईओ ने गंभीरता से कार्रवाई शुरू की है। 

गुरुवार को विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अशोक कुमार, विद्यालय अध्यापक सोनू कुमार और मनमोहन कुमार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तीनों को अपना जवाब दो दिनों के अंदर देना है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद नियमानुसार अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि बुधवार को विद्यार्थियों के इस तरह परीक्षा देने का मामला सामने आया था। जानकारी के बाद बी.कोठी के बीईओ ने गुरुवार को विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान मामला सही पाया गया था। अब इस पर विभागीय स्तर पर कदम उठाये गये हैं।