पटना : बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) के 935 पदों पर नियुक्ति के लिए नया विज्ञापन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन एक दिसंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर 2026 तक होंगे। पुराने विज्ञापन के तहत आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी दोबारा आवेदन करना होगा। आयोग ने 22 अगस्त 2025 को जारी पुराने विज्ञापन संख्या 87/2025 को रद्द करते हुए नया विज्ञापन संख्या 16/2026 जारी किया है।
अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष उत्तीर्ण होना अनिवार्य है
इसके तहत अनारक्षित वर्ग के लिए 374, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 93, अनुसूचित जाति के लिए 150, अनुसूचित जनजाति के लिए 10, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 168, पिछड़ा वर्ग के लिए 112 और पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए 28 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं, 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के तहत महिलाओं के लिए 319 पद निर्धारित हैं। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या समकक्ष उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है
अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। अनारक्षित पुरुषों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष, पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग और अनारक्षित महिलाओं के लिए 40 वर्ष, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 42 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को वेतन स्तर-5 के तहत 29,200 रुपए प्रारंभिक मूल वेतन मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से शुरू होगी
आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर और ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी बिहार लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.bpsc.bihar.gov.in पर जाकर विस्तृत विज्ञापन देख सकते हैं और निर्धारित तिथि से आवेदन कर सकते हैं।