आरा : वाराणसी से नई दिल्ली के बीच संभावित स्लीपर वंदे भारत ट्रेन के परिचालन को लेकर रेलवे ने 28 अक्टूबर से कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। इसके तहत पटना तेजस राजधानी और विक्रमशिला एक्सप्रेस अपने गंतव्य स्टेशन पर पहले की तुलना में 15 मिनट देर से पहुंचेंगी। वहीं संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के पहुंचने के समय में 10 मिनट की देरी होगी। रेलवे के इस बदलाव का असर दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
इन ट्रेनों के समय में हुआ बदलाव
रेलवे द्वारा जारी समय सारणी के अनुसार, 12367 भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस अब 28 अक्टूबर से निर्धारित समय से 15 मिनट देर से पहुंचेगी। पहले यह ट्रेन सुबह 6:40 बजे पहुंचती थी, जबकि अब इसके पहुंचने का समय सुबह 6:55 बजे निर्धारित किया गया है। वहीं प्रस्थान का समय 7:20 बजे से बढ़ाकर 7:35 बजे कर दिया गया है। इसी तरह 12309 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस अब सुबह 7:05 बजे पहुंचेगी। पहले इसके पहुंचने का समय सुबह 6:50 बजे था। ट्रेन के प्रस्थान का समय भी 7:40 बजे से बढ़ाकर 7:55 बजे कर दिया गया है।
12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के पहुंचने का समय सुबह 7:05 बजे से बढ़ाकर 7:15 बजे कर दिया गया है
वहीं 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के पहुंचने का समय सुबह 7:05 बजे से बढ़ाकर 7:15 बजे कर दिया गया है। इसके प्रस्थान का समय भी 7:55 बजे से बढ़ाकर 8:05 बजे निर्धारित किया गया है। रेलवे की ओर से जारी नई समय सारणी 28 अक्टूबर से प्रभावी होगी। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेनों के संशोधित समय की जानकारी लेने की सलाह दी जा रही है।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट