वैशाली: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिदुपुर थाना के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद साइबर थाना हाजीपुर की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पुलिस ने बाद में युवक से बंधपत्र भरवाकर उसे थाने से छोड़ दिया।
मामला वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के फुलपुरा गांव का है। गिरफ्तार युवक की पहचान निशांत कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान युवक के इंस्टाग्राम अकाउंट से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिदुपुर थाना के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए जाने की जानकारी मिली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई। साइबर थाना में प्राथमिकी संख्या 72/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट के सत्यापन के बाद युवक की पहचान की गई और उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद युवक को साइबर थाना हाजीपुर लाया गया। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें संबंधित वीडियो और इंस्टाग्राम अकाउंट का लॉगिन मिला। वीडियोग्राफी के साथ मोबाइल फोन जब्त कर जब्ती सूची तैयार की गई।
साइबर डीएसपी चांदनी सुमन के मुताबिक, युवक ने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री से माफी मांगी है और भविष्य में इस तरह की टिप्पणी या इस तरह का कोई कंटेंट पोस्ट नहीं करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद उसका बंधपत्र तैयार कर उसे थाने से छोड़ दिया गया।
वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट