राजधानी से सटे वैशाली जिले से सनसनीखेज खबर है। यहां बेलगाम हो चुके अपराधियों ने बडी वारदात को अंजाम दिया है। अपराधियों ने कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। सरेआम घटी इस घटना से सनसनी फैल गयी। घटना के बाद मौके पर हडकंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार राघोपुर स्थित कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल के पाया नंबर 32 के निकट बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। सरेआम घटी इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और मौके पर देखते ही देखते राहगीरों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान बिदुपुर थाना क्षेत्र के चेचर निवासी सुनील सिंह के पुत्र अंशुमन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक बिदुपुर से रूस्तमपुर की तरफ जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे अपराधियों ने मृतक को पुल के पाया नंबर 32 के पास रोका और गोली मार दी। गोली अंशुमन के पेट और सिर में लगी। गोली लगने के बाद अंशुमन घटनास्थल पर ही गिर पडा और उसकी मौत हो गयी।
सरेआम घटी इस घटना के बाद पुल पर अफरातफरी मच गयी। स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की जानकारी रुस्तमपुर थाना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद रूस्तमपुर थाना के साथ एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे भी बरामद किए हैं। इधर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई में जुटी है।