वर्षों बाद बदली सेन्दुआरी पोखर छठ घाट की तस्वीर, समाजसेवी नवीन पटनायक की पहल पर DM के निर्देश से हुआ सौंदर्यीकरण

हाजीपुर प्रखंड अंतर्गत सेन्दुआरी पंचायत के लोगों के लिए इस बार छठ महापर्व की तैयारियों के बीच एक अच्छी खबर सामने आई है। वर्षों से बदहाल और उपेक्षा का शिकार रहे सेन्दुआरी पोखर छठ घाट की आखिरकार तस्वीर बदल गई है।

हाजीपुर (वैशाली) : हाजीपुर प्रखंड अंतर्गत सेन्दुआरी पंचायत के लोगों के लिए इस बार छठ महापर्व की तैयारियों के बीच एक अच्छी खबर सामने आई है। वर्षों से बदहाल और उपेक्षा का शिकार रहे सेन्दुआरी पोखर छठ घाट की आखिरकार तस्वीर बदल गई है। समाजसेवी नवीन पटनायक की पहल और जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन की ओर से पोखर की व्यापक साफ-सफाई कराई गई है। इसके साथ ही वर्षों से जर्जर और बदरंग पड़ी सीढ़ियों की रंगाई-पोताई कर घाट को आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप दिया गया है।

सेन्दुआरी पंचायत स्थित इस पोखर की स्थिति लंबे समय से खराब थी

दरअसल, सेन्दुआरी पंचायत स्थित इस पोखर की स्थिति लंबे समय से खराब थी। पोखर की सीढ़ियां रंगाई-पोताई के अभाव में जर्जर और उपेक्षित नजर आती थीं। वहीं, पोखर के चारों ओर जंगल-झाड़ियां उग आई थीं, जिससे छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रत्येक वर्ष ग्रामीण आपसी सहयोग से साफ-सफाई कर किसी तरह घाट को पूजा के लिए तैयार करते थे। बावजूद इसके, स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा था।

पोखर की समुचित साफ-सफाई, सीढ़ियों की रंगाई-पोताई और इसे एक आदर्श छठ घाट के रूप में विकसित कराने की मांग रखी थी

ग्रामीणों की इस पुरानी समस्या को गंभीरता से लेते हुए पंचायत के समाजसेवी नवीन पटनायक ने जिलाधिकारी के जनता दरबार में आवेदन देकर सेन्दुआरी पोखर की बदहाल स्थिति से अवगत कराया था। उन्होंने पोखर की समुचित साफ-सफाई, सीढ़ियों की रंगाई-पोताई और इसे एक आदर्श छठ घाट के रूप में विकसित कराने की मांग रखी थी। नवीन पटनायक की इस पहल पर जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए पोखर की साफ-सफाई कराई गई और सीढ़ियों की रंगाई-पोताई कर घाट का सौंदर्यीकरण कराया गया। 

'वर्षों से बदहाल पड़े घाट का बदला हुआ स्वरूप अब ग्रामीणों के लिए राहत और खुशी का कारण बना हुआ है'

वर्षों से बदहाल पड़े घाट का बदला हुआ स्वरूप अब ग्रामीणों के लिए राहत और खुशी का कारण बना हुआ है। इस कार्य से सेन्दुआरी पंचायत के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। खासकर छठ महापर्व के अवसर पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को अब पहले की अपेक्षा स्वच्छ एवं सुंदर घाट उपलब्ध होगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि आने वाले समय में भी इस घाट की नियमित साफ-सफाई और देखरेख की व्यवस्था बनी रहेगी, ताकि इसकी सुंदरता बरकरार रहे।

'जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है'

समाजसेवी नवीन पटनायक ने इस सकारात्मक पहल के लिए जिलाधिकारी महोदया एवं संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों के प्रति समस्त सेन्दुआरीवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। जनहित में उठाई गई एक पहल और प्रशासन की सकारात्मक कार्रवाई से सेन्दुआरी पोखर छठ घाट को नई पहचान मिली है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि यह घाट आने वाले वर्षों में भी स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बना रहेगा।

वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट