हाजीपुर में भीषण चोरी, संजय ज्वेलर्स से लाखों के सोने-चांदी के जेवर गायब

वैशाली जिले के बिदुपुर में चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। बिदुपुर हनुमान मंदिर के सामने स्थित संजय ज्वेलर्स में आठ की संख्या में पहुंचे चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की है।

हाजीपुर/वैशाली: वैशाली जिले के बिदुपुर में चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना 21 तारीख की सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। बिदुपुर हनुमान मंदिर के सामने स्थित संजय ज्वेलर्स में आठ की संख्या में पहुंचे चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

दुकानदार के मुताबिक, दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। सुबह दुकान का ताला टूटा हुआ देखकर स्थानीय लोगों ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी। दुकान पहुंचने के बाद चोरी की घटना देखकर दुकानदार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

चोर दुकान से करीब 400 ग्राम सोना और 13 किलो चांदी चोरी कर ले गए। घटना को लेकर दुकानदार ने बिदुपुर थाने में लिखित आवेदन देकर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की गुहार लगाई है।

पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में करीब आठ चोर हाथों में पारंपरिक औजार लेकर दुकान का ताला तोड़ते और गोदरेज काटकर चोरी करते नजर आ रहे हैं। फुटेज में चोरों के चेहरे भी कैद होने की बात बताई जा रही है।

बिदुपुर में लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की मांग की है। 

हाजीपुर/वैशाली से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट