सुपौल पुलिस ने 12 घंटे के अंदर जीशान अपहरण कांड का खुलासा कर दिया है, अपहृत मो जीशान को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है और अपराधियों की गिरफ़्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. सुपौल एसपी सरथ आर एस ने भीमपुर थाना परिसर में देर रात प्रेस ब्रीफिंग कर यह जानकारी साझा की है.
सुपौल SP सरथ आर एस ने बताया कि भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज में सोमवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे माधोपुर निवासी मो जीशान खान का अपहरण किया गया था,जिसके बाद पुलिस की कई टीम ने लगातार छापेमारी कर करीब 12 घंटे के अंदर अपहृत युवक मो जीशान को सकुशल बरामद कर लिया है।
एसपी ने बताया कि अपहरण की घटना के बाद त्रिवेणीगंज SDPO के नेतृत्व में SIT गठित कर मामले की जांच शुरू की गई, चार पांच अलग अलग टीम द्वारा छापेमारी शुरू की गई, वैज्ञानिक अनुसंधान और विभिन्न साक्ष्य के सहारे टीम को जानकारी मिली कि अपहरण की इस घटना में अररिया नरपतगंज के अपराधियों की संलिप्तता है.
जिसके बाद सुपौल पुलिस अररिया पुलिस और STF के द्वारा संयुक्त रूप से ताबरतोड़ छापेमारी की गई, इस दौरान घटना में संलिप्त कई अपराधियों को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद जिस गाड़ी से अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया था उसका मुवमेंट फुलकाहा थाना क्षेत्र में होने की जानकारी टीम को मिली.
बताया गया कि पुलिस ने फूलकाहा थाना क्षेत्र में छापेमारी की, जिसमे बॉर्डर इलाके से अपहृत को सकुशल बरामद कर लिया गया है. SP सरथ आर एस ने बताया कि अररिया जिले के फुलकाहा थाना क्षेत्र के बॉर्डर एरिया से मो जीशान को सकुशल बरामद किया गया है। साथ ही इस पुरे घटना क्रम में शामिल कुछ अपराधकर्मी को भी हिरासत में लिया गया है.
अपहरण की घटना को लेकर SP सरथ आर एस ने बताया कि अपहृत मो जीशान और अपहरण की घटना को घटना को अंजाम देने वाले सभी अपराधी अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। पैसों के लेन-देन को लेकर इन लोगों के बीच आपस में झगड़ा हुआ था, जिसको लेकर मो जीशान का अपहरण कर लिया गया था।
बताया गया है कि इस अपहरण कांड का मुख्य अभियुक्त नीरज कुमार है जो अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है। SP ने बताया कि अपहरण कांड में संलिप्त कुछ अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
सुपौल से कुणाल कुमार की रिपोर्ट