सीवान: जिले में बेलगाम हो चुके अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां अपराधियों ने एक युवक को तब गोली मार दी, जब वह बाजार से अपने घर लौट रहा था। गोली लगने की घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी। घटना बीते शाम की बतायी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार अपराधियों ने महाराजगंज थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव निवासी वकील राय के पुत्र बंटी कुमार को तब गोली मार दिया, जब वह बाजार से लौट रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र स्थित निरुआ स्कूल के समीप गोलीबारी की इस घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां मौजूद थे। इसी दौरान बाजार से अपने घर लौट रहे एक युवक को निशाना बनाते हुए गोली चला दी गई। गोली युवक के हाथ में लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को तत्काल महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।वहीं अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया। लेकिन हाथ में गोली लगने और बेहतर इलाज की आवश्यकता को देखते हुए उसे सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर गोली लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव निवासी वकील राय के पुत्र बंटी कुमार के रूप में हुई है। बंटी कुमार बाजार से अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान निरुआ स्कूल के पास उनके साथ यह घटना हुई। वहीं इस पूरे मामले में एक और अहम बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि घायल युवक ने गोली मारने वाले तीन लोगों के नाम पुलिस को बताए हैं। हालांकि, युवक द्वारा बताए गए नामों और घटना में उनकी संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार इस घटना के पीछे पुराने विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीवान से नागेंद्र की रिपोर्ट