सिवान : सिवान में आपसी विवाद में दो पक्षों में चाकूबाजी हुई है। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई है। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक को रघुनाथपुर रेफरल अस्पताल से सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। घटना रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के कौसड़ गांव की है। मृतक की पहचान विजय यादव के पुत्र करण यादव और घायल की अर्जुन यादव के रूप में हुई है।
गांव के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ
बताया जा रहा है कि गांव के कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी की घटना हो गई। इस दौरान चाकू लगने से करण यादव और अर्जुन यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने करण यादव को मृत घोषित कर दिया। मैरवा के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने इसकी जानकारी दी।
घायल अर्जुन को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया
वहीं गंभीर रूप से घायल अर्जुन यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही रघुनाथपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान भेज दिया। वहीं इस घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट