सीवान: सनकी युवक ने चाकू मारकर चार लोगों को गंभीर रूप से किया घायल, एक युवती भी शामिल

सीवान में बीती रात एक सनकी युवक ने चाकू मारकर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 10, 2026, 3:07:00 PM

सीवान में बीती रात एक सनकी युवक ने चाकू मारकर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। घायलों में एक युवती भी शामिल है। चाकू मारने का आरोप गांव के ही एक सनकी युवक पर लगा है।

चाकू मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छपिया गांव की है। घायलों में छपिया गांव की नूरजा परवीन, रहमुद्दीन, सईद और संदीप शर्मा शामिल है। बताया जा रहा है कि गांव में सभी लोग अपने-अपने दरवाजे के पास बैठे थे तभी सनकी युवक कहीं से आया और किसी बात को लेकर उलझ गया। कुछ देर तक कहासुनी हुई और उसके बाद आरोपी ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।

इस हमले में एक युवती सहित चार लोग चाकू लगने से घायल हो गए। वहीं आरोपी मौके से फरार हो गया। घायलों को सीवान सदर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए घायलों को रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है और सनकी युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

सिवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट