सीवान: चंद जमीन के टुकड़े, एक दूसरे के खून के प्यासे, खूनी संघर्ष में कई घायल, एक की मौत!

सीवान में जमीनी विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गई। इस मारपीट की घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। वहीं एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jun 29, 2026, 1:23:00 PM

सीवान में जमीनी विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गई। इस मारपीट की घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। वहीं एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मारपीट की घटना के दौरान बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। जबकि मृतक के परिजन दूसरे पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। 

घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया गया है। घटना महाराजगंज थाना क्षेत्र के बिशुनपुर महुआरी गांव की है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय राम वकील भारती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दो पक्षों के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी बीच किसी मामूली बात को लेकर जमीनी विवाद ने उग्र रूप ले लिया। 

कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। मारपीट में एक पक्ष से दीनबंधु भारती, उनके पुत्र मिथिलेश कुमार समेत तीन लोग घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष के भी तीन लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों का स्थानीय अस्पताल इलाज कराया गया।मारपीट के दौरान ही बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।

मृतक की पत्नी कौशल्या देवी ने आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष ने मिलकर राम वकील भारती का गला दबाकर हत्या कर दी।जबकि आरोपी पक्ष के द्वारा हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही जा रही है।फिलहाल पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश करने में जुटी हुई है।

सिवान से संवाददाता नागेंद्र कुमार