सिवान : सिवान पुलिस ने विशेष छापेमारी के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, करीब छह लाख रुपए नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने मैरवा रेलवे स्टेशन के काली मंदिर के पास से तीनों अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मैरवा एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी है।
अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार विशेष छापेमारी की जा रही है - SDPO
एसडीपीओ ने बताया कि अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार विशेष छापेमारी की जा रही है। इसी दौरान मैरवा रेलवे स्टेशन के पास काली मंदिर के नजदीक से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोने जैसे दिखने वाले धातु के आभूषणों के साथ चांदी जैसे दिखने वाले आभूषण भी बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में करीब छह लाख रुपए नकद, पांच मोबाइल फोन और एक बैग भी शामिल है। सोने जैसे दिखने वाले आभूषणों का कुल वजन करीब 220 ग्राम और चांदी जैसे दिखने वाले आभूषणों का कुल वजन करीब 214.2 ग्राम है।
चांदी जैसे दिखने वाले पायल और अन्य आभूषण भी बरामद किए गए हैं
इसके अलावा चांदी जैसे दिखने वाले पायल और अन्य आभूषण भी बरामद किए गए हैं। वहीं, गिरफ्तार तीनों अपराधियों का पहले से आपराधिक इतिहास है।तीनों अपराधियों का मैरवा थाना में अलग अलग कांड दर्ज है।गिरफ्तार अपराधियों की पहचान छपरा जिले के लालजी कुमार,राजकुमार और उत्तर प्रदेश एफसीके बलिया जिले के गुड्डू कुमार के रूप में हुई है।
सिवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट