सीवान: राज्य के सीवान जिले से बड़ी खबर है। यहां दुर्गा पूजा के दौरान हो रहे एक नाटक के मंचन के बीच बड़ा हादसा हो गया। मिली खबर के अनुसार नाटक के मंचन के दौरान आग वाला गुब्बारा फट गया। गुब्बारे के फटने से करीब छह लोग झुलस गये। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट किया गया है। दो घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सीवान के बडहरिया में दशहरे के मेले में बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बड़हरिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में नाटक का मंचन हो रहा था। मंचन में आग के गुब्बारे का दृश्य आया। जिसके बाद कलाकार द्वारा आग का गुब्बारा दिखाया जाने लगा। इसी दौरान गुब्बारा अचानक फट गया। इसी दौरान गुब्बारे से निकला केमिकल पदार्थ नाटक देख रहे लोगों के ऊपर जा गिरा। जिससे वहां बैठे करीब छह लोग झुलस गये।
अचानक घटी इस घटना के बाद वहां हडकंप मच गया। देखते ही देखते अफरा तफरी मच गयी। आनन फानन में वहां उपस्थित लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में एडमिट कराया। बताया जा रहा है कि प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीन लोगों को रिलीज कर दिया। जबकि तीन अन्य को बेहतर इलाज के लिए मॉडल अस्पताल सीवान रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार इन तीन लोगों में से दो की हालत को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। जबकि एक अन्य का इलाज मॉडल अस्पताल में ही हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार दो लोगों के करीब 90 प्रतिशत तक झुलसने की सूचना है। जबकि एक अन्य की करीब 60 प्रतिशत तक झुलसने की खबर है। इधर हादसे के बाद प्रशासनिक स्तर पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।