लकड़ी नवीगंज (सिवान): मदारपुर किशनपुरा उच्च विद्यालय परिसर में आगामी दशहरा एवं महावीरी मेला (25 व 26 तारीख) को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महाराजगंज एसडीएम अनीता सिन्हा और एसडीपीओ (डीएसपी) अमन ने की। इसमें स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, बुजुर्गों तथा मेला लाइसेंसधारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
ग्रामीणों ने कहा कि 1952 से मदारपुर का महावीरी मेला आपसी सौहार्द का प्रतीक रहा है और यहाँ दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालु और व्यवसायी हमारे अतिथि हैं। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम अनीता सिन्हा और डीएसपी अमन ने अश्लील गानों, स्टेज पर नर्तकियों के अश्लील डांस (आर्केस्ट्रा) और तेज आवाज में डीजे बजाने पर पूर्ण रोक की घोषणा की।
एसडीएम ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि डीजे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और अश्लीलता का बच्चों व समाज पर बुरा असर पड़ता है। उल्लंघन करने पर था आर्केस्ट्रा संचालकों और आयोजकों पर प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी अमन ने चेतावनी दी कि 16 से 25 वर्ष के ऐसे युवक, जो मेले में छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी या अराजकता फैलाने का प्रयास करेंगे, उन पर एफआईआर दर्ज होगी। सुरक्षा के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी तथा गोपालपुर से नंदपुर पुल तक पुलिस गश्त जारी रहेगी।
मेले में एंबुलेंस, पेयजल व मेडिकल टीम की व्यवस्था रहेगी। बैठक में बीडीओ कृष्ण कुमार एवं थानाध्यक्ष सविता कुमारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में एसडीएम ने विद्यालय प्रांगण में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सीवान से नागेन्द्र कुमार की रिपोर्ट