महाराजगंज में गूंजा देशभक्ति का जज्बा, भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

सिवान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत महाराजगंज में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा, जुबां पर ‘भारत माता की जय’ के नारे और दिल में देशभक्ति का जज्बा पूरे शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर दिखा।

सिवान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत महाराजगंज में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा, जुबां पर ‘भारत माता की जय’ के नारे और दिल में देशभक्ति का जज्बा पूरे शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया। इस वर्ष यह अभियान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उत्सव से भी जुड़ा है।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ स्थानीय विधायक हेम नारायण साह, एसडीएम अनीता सिन्हा, डीएसपी अमन, अंचलाधिकारी जितेन्द्र कुमार, ईओ डॉ. विपिन कुमार और स्वच्छता पदाधिकारी सोनाली छाया ने किया। यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, जीविका कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया।

यात्रा शहीद स्मारक परिसर से शुरू होकर राजेंद्र चौक, मोहन बाजार और पुरानी बाजार होते हुए पुनः शहीद स्मारक परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान देशभक्ति के नारों से शहर की सड़कें गूंजती रहीं और लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन किया।

यात्रा के दौरान जैसे-जैसे जुलूस आगे बढ़ता गया, आम लोग भी इसमें शामिल होते चले गए। सड़कों पर लहराता तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ के नारों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

स्थानीय विधायक हेम नारायण साह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। यह अभियान देशवासियों को एकता के सूत्र में बांधने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों नागरिक विकसित और श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए संकल्पित हैं—वही भारत जिसका सपना स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने त्याग और बलिदान से देखा था।

इस तिरंगा यात्रा की खास बात यह रही कि इसमें केवल सरकारी कर्मियों की भागीदारी नहीं रही, बल्कि जीविका कर्मियों और स्थानीय सामाजिक लोगों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। इससे सामाजिक एकता और सामूहिक राष्ट्रभावना का मजबूत संदेश सामने आया।

महाराजगंज में संपन्न हुई यह भव्य तिरंगा यात्रा सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का जीवंत संदेश बन गई। तिरंगे की शान और देशभक्ति के नारों के बीच पूरा शहर स्वतंत्रता दिवस के जश्न के लिए तैयार नजर आया।

सीवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट