सीवान में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में लूट, 5-6 हथियारबंद बदमाशों ने दुकानदार को बंधक बनाकर उड़ाए गहने और कैश

बिहार के सीवान जिले में सोमवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में बड़ी लूट की वारदात हुई. बसंतपुर थाना क्षेत्र के खोरीपाकर बाजार में हथियारबंद बदमाशों ने एक आभूषण दुकान को निशाना बनाया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 09, 2026, 6:14:00 PM

बिहार के सीवान जिले में सोमवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में बड़ी लूट की वारदात हुई. बसंतपुर थाना क्षेत्र के खोरीपाकर बाजार में हथियारबंद बदमाशों ने एक आभूषण दुकान को निशाना बनाया. घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी

घटना सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र की है. खोरीपाकर बाजार स्थित अरुण ज्वेलर्स में 5-6 की संख्या में बदमाश घुस आए. बताया जा रहा है कि सभी अपराधी दो या तीन बाइकों पर सवार होकर आए थे. दुकान में घुसते ही उन्होंने हथियार निकाल लिए और दुकानदार को धमकाने लगे. बदमाशों ने दुकान मालिक को बंधक बना लिया. इसके बाद आराम से लूटपाट शुरू कर दी.

अपराधियों ने दुकान से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूट लिए. स्थानीय लोगों के अनुसार लूट की राशि करीब 18 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है. कुछ लोगों का कहना है कि लूट की रकम 25 लाख रुपये तक हो सकती है. लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश तेजी से मौके से फरार हो गए.

वारदात के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग भी की. गोली की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी दुकानों को बंद कर सुरक्षित जगहों पर भागने लगे. घटना के कुछ ही देर बाद पूरे इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई.

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में बदमाशों को दुकान में घुसते और लूटपाट करते देखा जा सकता है. पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.