सिवान के महाराजगंज मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को एसडीओ अनीता सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 15 अगस्त के मुख्य समारोह की रूपरेखा तय की गई। वहीं चेहल्लुम को लेकर भी प्रशासन ने सख्त संदेश दिया है।
अनुमंडल कार्यालय सभागार में एसडीओ अनीता सिन्हा की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष 15 अगस्त का मुख्य समारोह राजकीय समारोह बोर्ड मिडिल स्कूल परिसर में आयोजित होगा, जहां एसडीओ अनीता सिन्हा ध्वजारोहण करेंगी और परेड की सलामी लेंगी।
समारोह के सफल और गरिमामय आयोजन के लिए संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।
एसडीओ अनीता सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है और इसके आयोजन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियां पूरी करें।
बैठक में विभिन्न सरकारी कार्यालयों और स्मारकों पर ध्वजारोहण की समय-सारिणी भी तय की गई। साथ ही मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और समारोह की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।
वहीं बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ अमन ने चेहल्लुम को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चेहल्लुम के दौरान डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यदि किसी अखाड़े में डीजे बजता पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वतंत्रता दिवस और चेहल्लुम-दोनों आयोजनों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एक ओर राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय बनाने पर जोर है, तो दूसरी ओर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश भी जारी किए गए हैं।
सीवान से नागेंद्र कुमार की रिपोर्ट