गुप्ता धाम जाने दौरान दो शिवभक्तों की मौत, दुर्गम रास्ते पर अत्यधिक भीड़ के कारण हादसा

रोहतास जिले के कैमूर पहाड़ी की गोद में अवस्थित गुप्ता धाम में इन दिनों लगातार हो रहे हादसे प्रशासन के लिए परेशानी का सबब बन गये हैं।

रोहतास जिले के कैमूर पहाड़ी की गोद में अवस्थित गुप्ता धाम में इन दिनों लगातार हो रहे हादसे प्रशासन के लिए परेशानी का सबब बन गये हैं। बीते सोमवार को दुर्गम व संकरे रास्ते पर अत्यधिक भीड़ के कारण पहाड़ी से गिरकर एक महिला श्रद्धालु की मौत के बाद, मंगलवार को भी दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जिससे सभी शिव भक्तों में मायूसी छाई हुई है। दोनों मृतक औरंगाबाद जिले के बताए जाते हैं और पुलिस ने दोनों शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड अंतर्गत शंकरपुर गांव निवासी 50 वर्षीय प्रयाग महतो और 35 वर्षीय शंभू मेहता के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों मृतक अपने गांव के हीं मित्र रामजी महतो के साथ गुप्ता धाम दर्शन के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हीं दो लोगों की हादसे में मौत के बाद बाबा गुप्तेश्वर महादेव के दर्शन की अभिलाषा अधूरी रह गई। प्राप्त खबर के अनुसार औरंगाबाद जिले के तीनों मित्र बड्डी थाना क्षेत्र के पनारी घाट के रास्ते पहाड़ों की दुर्गम चढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान पहाड़ के दुर्गम एवं काफी संकरे रास्ते पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ में उक्त दोनों लोगों को अचानक चक्कर आ गया और संतुलन बिगड़ने से वे फिसलकर नीचे गिर गए। इस हादसे में दोनों की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल हो गया।

बता दें कि पहाड़ी क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण पुलिस को भी मामले की जानकारी काफी देर से हुई। हालांकि घटना की सूचना पर पहुंची बड्डी थाने की पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की प्रक्रिया की जा रही है। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों एवं स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा रही। हादसे के बाद परिवार का बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

दरअसल कैमूर पहाड़ी के दुर्गम और संकरे रास्ते प्रशासन के लिए चुनौती बन गए हैं। इन रास्तों के दोनों तरफ गहरी खाईं है और श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ होने पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। चूंकि इस रास्ते पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती नहीं होने से भीड़ को नियंत्रित करने में परेशानी हो रही है, जिससे हादसे हो रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि गुप्ता धाम जाने वाले पहाड़ी मार्ग के भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट