सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र से गुरुवार को दहेज हत्या का एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। दरअसल आरोपी परिवार ने शादी के महज दो महीने बाद ही विवाहिता की हत्या कर चुपके से शव को जला दिया। घटना डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव की बताई जाती है और मृत महिला की पहचान शिवपुर गांव निवासी दीपक राम की लगभग 20 वर्षीय पत्नी राधा कुमारी के रूप में हुई है।
दहेज के लिए विवाहिता की हत्या
मामले में पीड़ित परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार शादी के बाद से हीं राधा को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। वे लोग दहेज में 50 हजार रुपए तथा एक मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे।
दो महीने पूर्व हुई थी शादी
प्राप्त जानकारी के अनुसार नासरीगंज थाना क्षेत्र के सोहगी गांव निवासी धनजी राम ने बीते 14 मई को डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी दीपक राम से अपनी पुत्री की शादी की थी। पीड़ित पिता का कहना है कि ससुराल वालों के मांग के अनुरूप उन्होंने शादी में सब कुछ दिया, लेकिन पैसे और मोटरसाइकिल की लालच में ससुराल वालों ने उनकी पुत्री की हत्या कर दी।
शव जलाने के बाद ससुराल पक्ष फरार
पीड़ित पिता ने बताया कि बीते बुधवार को बेटी की विदाई के लिए वे शिवपुर गांव गए थे, लेकिन ससुराल वालों ने सावन बाद विदाई की बात कह कर उन्हें लौटा दिया था। इसके बाद शाम में जब उन्होंने बेटी से बात करने के लिए फोन किया, तो सभी के फोन बंद मिले। वे किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए तुरंत शिवपुर गांव पहुंचे, जहां ससुराल वाले उनकी पुत्री की हत्या कर शव को जला रहे थे। उन्हें देखते हीं सभी लोग भाग खड़े हुए।
घटनास्थल से एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य
मामले में डेहरी मुफस्सिल थाना अध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि शिवपुर गांव में बीती रात एक विवाहिता की मौत के बाद शव को जला दिया गया है और घटना के बाद से ससुराल के लोग फरार हैं। उन्होंने कहा कि एफएसएल की मदद से घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं और पीड़ित परिवार की ओर से मिले आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट