सासाराम: फौजी की पत्नी की हत्या मामले में फरार आरोपियों के घर कुर्की जब्ती, मचा हड़कंप

रोहतास जिले के बिक्रमगंज नगर परिषद अंतर्गत काशी घाट मोहल्ले में बीते 12 अप्रैल को एक सैनिक की पत्नी की हुई हत्या मामले में गुरुवार को पुलिस ने हत्या के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 09, 2026, 5:56:00 PM

सासाराम। रोहतास जिले के बिक्रमगंज नगर परिषद अंतर्गत काशी घाट मोहल्ले में बीते 12 अप्रैल को एक सैनिक की पत्नी की हुई हत्या मामले में गुरुवार को पुलिस ने हत्या के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर बिक्रमगंज थाने की पुलिस ने हत्याकांड के दो फरार आरोपियों के घर पर कुर्की जब्ती की, जिससे बिक्रमगंज के गौतम नगर वार्ड नंबर- 13 में हड़कंप मच गया और मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए।

दंडाधिकारी की उपस्थिति में हुई कार्रवाई

हत्याकांड को लेकर बिक्रमगंज थाने में दर्ज कांड संख्या 267/26 के मुख्य अभियुक्त मीना देवी एवं उसके पति रामेश्वर चौधरी घटना के बाद से फरार बताए जाते हैं। पुलिस द्वारा बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद भी जब उन्होंने आत्मसमर्पण नहीं किया, तो पुलिस ने न्यायालय के माध्यम से कुर्की जब्ती का वारंट निर्गत कराया। इस कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी राजकुमार सिंह एवं बिक्रमगंज थानाध्यक्ष रंजन कुमार मौके पर मौजूद रहे और पुलिस ने घर का एक-एक सामान जप्त कर लिया। 

जानिए पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में नोखा थाना क्षेत्र के छतौना गांव निवासी अशोक चौधरी की पुत्री अमृता पटेल की दावथ थाना क्षेत्र के बभनी गांव निवासी मनीष कुमार से शादी हुई थी। शादी के बाद से विवाहिता अपने सास, ससुर एवं देवर के साथ बिक्रमगंज के काशी घाट स्थित नवनिर्मित मकान में रह रही थी और पति फौज में नौकरी के दौरान बाहर रहने लगे, लेकिन इसी बीच बीते 12 अप्रैल को छत की रेलिंग से अमृता का शव लटका हुआ पाया गया। इसके बाद मृतका के परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया। पिता के अनुसार शादी के बाद से ही उनकी बेटी को चार पहिया वाहन के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और ससुर की उसपर गंदी नजर थी।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट