सासाराम: रोहतास जिले में एक 18 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को ताराचंडी मंदिर के समीप से वेदा जाने के लिए युवती ने एक ऑटो किराये पर लिया था। आरोप है कि ऑटो चालक और उसके एक सहयोगी ने युवती को अकेला पाकर उसे सुनसान रास्ते से करवन दिया स्थित एक दुकान पर ले गए, जहां दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय संदीप कुमार, पिता स्वर्गीय विश्वनाथ साह, निवासी करवनदिया तथा 27 वर्षीय चितरंजन कुमार, पिता स्वर्गीय राजेश पासवान, निवासी बांसा, थाना करवनदिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए ऑटो को भी बरामद कर लिया है। पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पीड़िता की निजता और सम्मान को ध्यान में रखते हुए उसकी पहचान से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
सासाराम से लव कुमार की रिपोर्ट