सासाराम। रोहतास जिले में लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं के बीच गुरुवार को एक अधेड़ महिला की चाकू मार कर हत्या कर दी गई। घटना धर्मपुरा थाना क्षेत्र में घटित हुई है, जहां मृतका की पहचान रूपहथा गांव निवासी मुन्ना सिंह की 50 वर्षीय पत्नी रीता देवी के रूप में हुई है। बता दें कि जिले में लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है तथा पुलिस गश्ती पर सवाल उठ रहे हैं।
अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई मौत
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि उक्त महिला रूपहथा गांव से बाहर सड़क से जा रही थी, तभी उनके ऊपर जानलेवा हमला हुआ। चाकू लगने के बाद महिला सड़क पर हीं लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इसके बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में हीं उनकी मौत हो गई।
परिजनों के इनकार करने से मामला उलझा
दरअसल महिला पर हुए जानलेवा हमले के पीछे परिजनों ने चेन स्नैचिंग की बात से इनकार किया है। परिजनों का कहना है कि महिला के पास कोई चेन नहीं थी। ऐसे में चेन स्नेचिंग का सवाल हीं नहीं उठता। उन्होंने इरादतन हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि परिजनों द्वारा महिला के कानों में सोने की कनबाली होने की बात स्वीकार की गई है।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी
वहीं महिला रीना देवी को चाकू मारे जाने की घटना के बाद रोहतास एसपी मिस्टर राज घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। परिजनों के चेन स्नेचिंग की घटना से इनकार करने के बाद एसपी ने पूरे मामले की सूक्ष्मता से जांच करने का निर्देश दिया है। पुलिस के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के साथ-साथ अपराधियों की पहचान में जुटी है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट