सासाराम। रोहतास जिले से केरल के एक तीर्थ यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का हैरतंगेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पायलट बाबा धाम स्थित एक फुटपाथी दुकान के अंदर से तीर्थ यात्री का शव बरामद हुआ है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा है और लोग दुकान के अंदर से युवक का शव मिलने पर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। मृतक की पहचान केरल राज्य के एर्नाकुलम निवासी अभिजीत के रूप में हुई है, जिनके पिता का नाम मोहन केडी बताया जाता है।
केरल से काशी के लिए निकला था युवक
पुलिस ने बताया कि परिजनों के कथनानुसार मृत युवक बीते तीन जुलाई को केरल के एर्नाकुलम से उत्तर प्रदेश के काशी के लिए निकला था। घटनास्थल के आसपास भी पूछताछ करने पर पता चला कि उक्त युवक बीती रात करीब 10 बजे पायलट बाबा धाम के आसपास घूमते हुए देखा गया था। इसके बाद मंगलवार की सुबह उसका शव दुकान के अंदर बांस के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला।
मृतक का चल रहा था मानसिक इलाज
परिजनों द्वारा पुलिस को बताया गया कि मृतक मानसिक रूप से थोड़ा विछिप्त था और उसका इलाज चल रहा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने मानसिक अस्थिरता के कारण आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं हत्या के कारणों की पुष्टि की जाएगी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
बता दें कि मंगलवार की सुबह से हीं सासाराम में तेज बारिश हो रही थी। ऐसे में पायलट बाबा धाम स्थित फुटपाथी दुकानों पर जब लोग जमा हुए, तो देखा गया कि एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ है। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य
मामले में सदर एसडीपीओ दो संजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं और पुलिस हर बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट