सासाराम : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार की रात रोहतास जिले में एक बड़ी कार्रवाई की गई। आय से अधिक संपत्ति मामले में विशेष निगरानी टीम ने गोपालगंज के एडीएम (अपर समाहर्ता) राजेश्वरी पांडे के पैतृक गांव में छापेमारी की जहां से कुछ आभूषण और नगद रुपए बरामद हुए हैं।
छापेमारी से गांव में मचा हड़कंप
रोहतास जिले के करगहर प्रखंड अंतर्गत पूर्वी ठोरसन गांव में बीती रात विजिलेंस की अचानक हुई छापेमारी से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। तीन चार वाहनों के काफिले के साथ आए विजिलेंस की टीम को देखकर ग्रामीण सकते में आ गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण एडीएम के पैतृक आवास के बाहर जमे रहे और विजिलेंस टीम की हर गतिविधि पर नजर रखने लगे।
आय से अधिक संपत्ति मामले में छापेमारी
मामले में विजलेंस डीएसपी सुरेश राम एवं डीएसपी कृष्ण कुमार गुप्ता ने बताया कि गोपालगंज एडीएम राजेश्वरी पांडे के खिलाफ आय से अधिक मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। विभाग द्वारा शिकायत के सत्यापन के पश्चात कोर्ट के आदेश पर आज उनके घर की तलाशी ली गई है, जहां से टीम को 80 हजार रुपए नगद और कुछ आभूषण मिले हैं। इसके अलावा टीम ने एडीएम के पैतृक आवास पर मौजूदा संपत्ति, बैंक खाता, निवेश और अचल संपत्तियों से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों की भी गहनता से जांच की है।
लगभग ढाई घंटे तक चली छापेमारी
दरअसल, बिहार सरकार की विशेष निगरानी इकाई (SVU) टीम ने एडीएम राजेश्वरी पांडे के पैतृक आवास पर लगभग ढाई घंटे तक छापेमारी की। एडीएम पर अपनी वैध आय से लगभग 100 प्रतिशत से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। हालांकि अधिकारियों का यह भी कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद हीं बरामद संपत्ति की सही और सटीक तस्वीर सामने आएगी।
सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट