बीसैप जवान ने की आत्महत्या, खुद को सिर में मारी गोली

रोहतास जिले से शुक्रवार को एक बीसैप जवान के आत्महत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिले के करवंदिया थाने में पदस्थापित एक जवान ने कथित तौर पर अपने कार्बाइन से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 24, 2026, 4:54:00 PM

सासाराम। रोहतास जिले से शुक्रवार को एक बीसैप जवान के आत्महत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिले के करवंदिया थाने में पदस्थापित एक जवान ने कथित तौर पर अपने कार्बाइन से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। मृतक जवान की पहचान झारखंड राज्य के रांची जिला अंतर्गत दरौंदा निवासी 46 वर्षीय किशोर राणा के रूप में हुई है, जो युवराज राणा के पुत्र बताए जाते हैं।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप 

दरअसल आत्महत्या के इस सनसनीखेज वारदात के बाद रोहतास पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। हालांकि इस पूरे मामले पर रोहतास पुलिस का अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है।

सिर में लगी एक गोली

मामले में शव का अंतपरीक्षण करने वाले चिकित्सक डॉ संजय कुमार ने बताया कि एक बीसैप जवान द्वारा गोली मारकर आत्महत्या कर ली गई है। गोली जवान के सिर में दाहिने साइड से प्रवेश करते हुए बायें साइड से बाहर निकल गई है। उन्होंने बताया कि जवान के सिर में सिर्फ एक गोली लगी है।

अवसाद में आकर आत्महत्या की आशंका 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक जवान करवंदिया थाने में रिजर्व पुलिस के रूप में तैनात थे। जिनके बारे में साथी पुलिसकर्मियों ने अवसाद में आकर आत्महत्या करने की आशंका जताई है। बता दें कि पुलिस द्वारा घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है और उनके आने के बाद हीं आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट