बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से दो मासूम की मौत

रोहतास जिले में शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। घटना चेनारी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 19 की है, जहां हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच को जाम कर प्रदर्शन भी किया।

सासाराम। रोहतास जिले में शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। घटना चेनारी थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 19 की है, जहां हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच को जाम कर प्रदर्शन भी किया। 

मृत बच्चों की पहचान करगहर थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव निवासी संतोष राम के चार वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार एवं खुरमाबाद गांव निवासी बालकृष्ण राम की पांच वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी के रूप में हुई है। दोनों बच्चे आपस में भाई-बहन लगते हैं और बच्चा अपने मामा बालकृष्ण के घर रहता था।

ट्रक की चपेट में आने से दो मासूम की मौत 

चेनारी थाना क्षेत्र के खुरमाबाद के समीप ट्रक की चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौत हुई है। बताया जाता है कि दोनों मासूम बच्चे राजकीय मध्य विद्यालय खुरमाबाद में पढ़ने जा रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने दोनों बच्चों को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर हीं दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम 

वहीं घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि सड़क निर्माण कंपनी द्वारा बनाए गए डायवर्सन एवं अवैध कट के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। साथ हीं सड़क निर्माण के दौरान नियमों की अनदेखी भी हादसों की एक प्रमुख वजह है। लोगों ने सड़क निर्माण कंपनी एवं दोषी ट्रक चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

काफी मशक्कत के बाद हटा जाम

घटना की सूचना मिलते हीं चेनारी थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और लोगों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करने का प्रयास शुरू किया। हालांकि घटना से नाराज लोगों को सड़क से हटाने में पुलिस को करीब 2 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर परिचालन सामान्य हुआ। पुलिस के अनुसार दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई चल रही है।

सासाराम से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट