समस्तीपुर/विभूतिपुर: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के महथी बांध पर बुधवार शाम अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घायल युवक की पहचान महथी गांव निवासी संजय सिंह के पुत्र नवनीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि नवनीत बांध किनारे स्थित एक किराना दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच की संख्या में आए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ करीब छह राउंड फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल को विभूतिपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. तुशांत ने जांच के बाद बताया कि युवक को घुटने, कमर और सीने के आसपास कुल चार गोलियां लगी हैं। परिजनों का कहना है कि तीन गोलियां लगी हैं, लेकिन चिकित्सकीय जांच में चार गोली लगने की पुष्टि हुई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल, समस्तीपुर रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट