सड़क सुरक्षा पर DM का सख्त एक्शन, ब्लैक स्पॉट सुधार, बिना हेलमेट भारी जुर्माना, अवैध पार्किंग पर भी लगेगी लगाम

समस्तीपुर समाहरणालय में जिला पदाधिकारी (DM), समस्तीपुर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति (DRSC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने समेत संबंधित विभिन्न विषयों पर निर्देश दिया गया।

समस्तीपुर समाहरणालय में जिला पदाधिकारी (DM), समस्तीपुर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति (DRSC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने तथा दुर्घटना पीड़ितों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न विषयों पर निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC), जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), सिविल सर्जन (CS), नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी (SDM), यातायात पुलिस उपाधीक्षक (DSP Traffic), अपर जिला परिवहन पदाधिकारी (ADTO), सड़क निर्माण एजेंसियों एवं डॉक्टर्स उपस्थित रहे। DTO द्वारा बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित समस्तीपुर में सभी रोड एक्सीडेंट और उसमें हुई मृत्यु के आंकड़ों को प्रस्तुत किया गया।

जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि दुर्घटना वाले ब्लैक स्पॉट पर सड़क के गड्ढों की मरम्मत तथा आवश्यक सड़क संकेतक (Signages), चेतावनी बोर्ड एवं रोड मार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि वाहन चालकों को समय रहते सड़क की स्थिति एवं संभावित जोखिमों की जानकारी मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

बैठक में उपस्थित सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ अमित कुमार द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों से एक चौंकाने वाला तथ्य प्रकाश में आया कि NH से अधिक एक्सीडेंट ग्रामीण सड़कों पर हो रहे हैं। इस संबंध में मोटरसाइकिल/स्कूटर पर पीछे वाले सवार द्वारा हेलमेट नहीं पहनने के कारण हो रही मौतों को रोकने के लिए अगले एक माह तक सघन रूप से जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। खासकर जिसमें पीछे वाले सवार बिना हेलमेट के रहते हैं उन पर भारी जुर्माना लगाने का निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया।

इसके अलावे सड़क पर कहीं भी गाड़ियों को पार्क कर दिया जाता है जिसके चलते एक्सीडेंट होता है। ऐसे गाड़ियों पर भी भारी जुर्माना लगाने का आदेश दिया गया।

इसके अतिरिक्त, बैठक में उपस्थित अस्पतालों के प्रतिनिधियों को PM RAHAT योजना में 1.5 लाख तक के मुफ्त इलाज करने का निर्देश दिया गया।

 समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट