समस्तीपुर : जिले के उजियारपुर प्रखंड स्थित पौराणिक महत्व वाले 'देवखाल चौर' को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता राजू सहनी ने समस्तीपुर जिलाधिकारी को एक मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपकर इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और विकास की गुहार लगाई है।
महाभारत काल से जुड़ी है आस्था
आपको बता दें कि करीब पांच हजार एकड़ क्षेत्र में फैले इस विशाल देवखाल चौर की स्थानीय लोगों में गहरी धार्मिक और ऐतिहासिक मान्यता है। किवदंतियों और स्थानीय आस्था के अनुसार, महाभारत काल में अज्ञातवास के दौरान द्रौपदी ने पांचों पांडवों के साथ इसी स्थान पर पहला उपवास रखकर छठ पूजा की थी। स्थानीय निवासियों का दावा है कि उस कालखंड से जुड़े कई अवशेष आज भी इस क्षेत्र में मौजूद हैं, जो इसकी ऐतिहासिकता को प्रमाणित करते हैं।
विकास और रोजगार के खुलेंगे द्वार
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के बाद राजू सहनी ने कहा कि इतनी बड़ी पौराणिक विरासत होने के बावजूद यह क्षेत्र सरकारी उपेक्षा का शिकार है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा देवखाल चौर का सौंदर्यीकरण कर इसे पर्यटन स्थल का दर्जा दिया जाता है, तो इससे न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रहेगी, बल्कि पूरे इलाके का चौमुखी विकास होगा। इसके पर्यटन केंद्र बनने से स्थानीय स्तर पर व्यवसाय बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इस दिशा में जल्द से जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की है।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट