बिजली बिल में गड़बड़ी ? 17-22 अगस्त तक अपने सेक्शन ऑफिस में कराएं समाधान

ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में ऊर्जा सचिव द्वारा दिनांक 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक विद्युत विपत्र सुधार हेतु विशेष अभियान/शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।

ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में ऊर्जा सचिव द्वारा दिनांक 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक विद्युत विपत्र सुधार हेतु विशेष अभियान/शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इस अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल/प्रमंडल कार्यालयों, सेक्शन कार्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में विद्युत उपभोक्ताओं से विद्युत विपत्र (बिजली बिल) में त्रुटि, गलत मीटर रीडिंग, अधिक बिल अथवा अन्य संबंधित समस्याओं के सुधार हेतु आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों का त्वरित सत्यापन एवं नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि यदि उनके विद्युत विपत्र में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वे निर्धारित अवधि के दौरान अपने संबंधित सेक्शन कार्यालय/ अवर प्रमंडल कार्यालय/प्रमंडल कार्यालय में आयोजित विशेष शिविर में आवेदन देकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।

जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा आम उपभोक्ताओं से इस विशेष अभियान का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा निर्धारित अवधि में अपने विद्युत विपत्र संबंधी समस्याओं का निराकरण कराने की अपील की गई है।

समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट