समस्तीपुर। वारिसनगर थाना क्षेत्र के सतमलपुर पंचायत के वार्ड संख्या-6 में सोमवार को निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर खानपुर-समस्तीपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
मृतक की पहचान खानपुर थाना क्षेत्र के कानूविशनपुर पंचायत के रैनी के वार्ड -15 निवासी आनंदू महतो के 55 वर्षीय पुत्र राम प्रताप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सतमलपुर वार्ड संख्या-4 निवासी फूल हसन, पिता मोहम्मद फर्जन के निर्माणाधीन मकान में सोमवार को राम प्रताप मजदूरी करने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि मकान के समीप से 11 हजार वोल्ट का बिजली तार गुजर रहा था, जो काफी नीचे झूल रहा था। निर्माण कार्य के दौरान मजदूर अचानक विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों के साथ-साथ वारिसनगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद आक्रोशित परिजन एवं स्थानीय लोगों ने शव के साथ खानपुर-समस्तीपुर मार्ग को जाम कर दिया और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे।
सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हो गया।घटना की सूचना मिलने पर वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा, पुलिस पदाधिकारी आजाद खान घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और अपने स्तर से जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त किया गया ,घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
समस्तीपुर से संतोष कुमार ठाकुर की रिपोर्ट