सहरसा। आनंद विहार से सहरसा आने वाली 15532 जनसाधारण एक्सप्रेस से राजकीय रेल थाना (जीआरपी) सहरसा पुलिस ने 46.65 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब ट्रेन के सामान्य कोच में शौचालय के समीप लावारिस हालत में रखे बैग और बोरे से बरामद हुई।
जानकारी के अनुसार बुधवार अहले सुबह करीब तीन बजे आनंद विहार-सहरसा जनसाधारण एक्सप्रेस सहरसा जंक्शन पहुंची। ट्रेन के सहरसा पहुंचने के बाद रेल थाना पुलिस के अवर निरीक्षक सुदामा सिंह पुलिस टीम के साथ ट्रेन में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सामान्य कोच के पिछले हिस्से में शौचालय के पास एक बैग और बोरा लावारिस हालत में रखा हुआ दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने आसपास मौजूद यात्रियों से सामान के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी बैग और बोरे पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर सामान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें से कुल 46.65 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। शराब बरामद होने के बाद जीआरपी पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। खबर लिखे जाने तक रेल थाना पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही थी। बताया गया कि यह कार्रवाई एएलटीएफ-2 रेल अंचल के द्वारा की गई।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट