सिस्टम की लापरवाही ने ली दो मासूम बहनों की जान? कोहराम...कार्रवाई की मांग

सहरसा से बड़ी खबर है, जहां अधूरे पुल निर्माण के दौरान बने गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना डेहरार थाना क्षेत्र के नोला पंचायत के भेलाही वार्ड नंबर 8 की है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 24, 2026, 4:39:00 PM

सहरसा से बड़ी खबर है, जहां अधूरे पुल निर्माण के दौरान बने गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना डेहरार थाना क्षेत्र के नोला पंचायत के भेलाही वार्ड नंबर 8 की है। मृतकों की पहचान गोविंदपुर गांव निवासी नंदन यादव की 4 वर्षीय पुत्री निभा कुमारी और 7 वर्षीय पुत्री निक्की कुमारी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां स्कूल गई थीं। स्कूल से वापस लौटने के दौरान अधूरे पुल निर्माण के कारण बने गड्ढे में दोनों डूब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, ग्रामीणों ने पुल निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ठेकेदार कमलेश यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते पुल निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाता और गड्ढे को सुरक्षित किया जाता, तो दोनों मासूम बच्चियों की जान बच सकती थी।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट