बनमा थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को लोडेड देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईटहरी पंचायत के लक्ष्मनिया गांव निवासी नीरज कुमार (पिता- सिबो यादव) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, संध्या गश्ती के दौरान तेलियाहाट बाजार के पास पुलिस वाहन को देखकर युवक बाइक मोड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
बरामद हथियार व कारतूस जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस मामले में बनमा थाना कांड संख्या 134/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट