सहरसा-मानसी डबल लाइन पर बड़ा अपडेट, CAO ने किया निरीक्षण, सुपौल-अररिया रेल लाइन की सुस्ती पर जताई चिंता

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) नॉर्थ कंस्ट्रक्शन शैलेंद्र प्रसाद गुरुवार को सड़क मार्ग से सहरसा पहुंचे। उन्होंने सहरसा यार्ड रीमॉडलिंग परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

सहरसा। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (सीएओ) नॉर्थ कंस्ट्रक्शन शैलेंद्र प्रसाद गुरुवार को सड़क मार्ग से सहरसा पहुंचे। उन्होंने सहरसा यार्ड रीमॉडलिंग परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर परियोजना के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर के डिप्टी चीफ इंजीनियर मंटू सिंह, स्टेशन अधीक्षक जीवन प्रकाश, टीआई सुभाष चंद्र झा सहित रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सीएओ को यार्ड रीमॉडलिंग से संबंधित कार्यों की अद्यतन स्थिति और प्रगति की विस्तृत जानकारी दी।

सुपौल-अररिया रेल लाइन में सुस्ती पर जताई चिंता

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएओ शैलेंद्र प्रसाद ने बताया कि सहरसा यार्ड रीमॉडलिंग का काम शुरू हो चुका है। इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने सुपौल-अररिया नई रेल लाइन परियोजना के काम की धीमी गति पर चिंता जताई और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुपौल-अररिया रेल लाइन के निर्माण से कोसी क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ ही विकास को भी गति मिलेगी। 

अगस्त तक पूरी होगी सहरसा-मानसी डबल लाइन की टेंडर प्रक्रिया

सीएओ ने सहरसा-मानसी रेलखंड के दोहरीकरण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सहरसा-मानसी डबल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और फिलहाल टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। इसे अगस्त माह तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। पूरी परियोजना को धरातल पर पूरा होने में करीब तीन से चार वर्ष का समय लग सकता है।

लहेरियासराय परियोजना को अंतिम मंजूरी का इंतजार

सहरसा-लहेरियासराय नई रेल लाइन परियोजना को लेकर सीएओ ने बताया कि अभी इसे रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड से अंतिम स्वीकृति नहीं मिली है। अंतिम मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र की रेल परियोजनाओं को रेलवे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रहा है। निर्माणाधीन परियोजनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि उन्हें निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट