सहरसा शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला शहर के रिफ्यूजी कॉलोनी चौक स्थित एक किराना दुकान का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने छप्पर काटकर दुकान में प्रवेश किया और नकदी समेत लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
दुकान संचालक राजेश कुमार रंजन ने बताया कि वह रोज की तरह मंगलवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि दुकान का छप्पर कटा हुआ है और अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि चोर गल्ले में रखे करीब 51 हजार रुपये नकद और लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के कॉस्मेटिक सामान चोरी कर फरार हो चुके हैं।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी वर्ग में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट