पांच दिनों से 453 बच्चों की पढ़ाई ठप, शिक्षक भय के कारण बीआरसी में बना रहे हाजिरी

सहरसा। नवहट्टा नगर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर में मध्याह्न भोजन विवाद और शिक्षकों के साथ मारपीट का मामला अब प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है।

सहरसा। नवहट्टा नगर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्लामपुर में मध्याह्न भोजन विवाद और शिक्षकों के साथ मारपीट का मामला अब प्रशासनिक स्तर पर पहुंच गया है। दो सदस्यीय जांच टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सदर एसडीएम और एसडीपीओ को पत्र लिखकर नामजद आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई तथा विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।

डीईओ के निर्देश पर गठित जांच टीम ने 23 नवंबर को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। जांच रिपोर्ट के अनुसार, खाद्यान्न पंजी में दर्ज 675.30 किलोग्राम चावल के विरुद्ध करीब 657.30 किलोग्राम चावल विद्यालय में उपलब्ध पाया गया। इसके आधार पर टीम ने चावल बेचने और गबन करने के आरोप को बेबुनियाद बताया है। निरीक्षण के दौरान रसोईघर में अधपकी दाल और उबला चना-आलू भी मिला। टीम ने विवाद के कारण मध्याह्न भोजन का संचालन बाधित होने की बात कही है।

मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुंवर नम्रता आनंद के आवेदन पर नवहट्टा थाने में कांड संख्या 257/26 दर्ज की गई है। इसमें वार्ड पार्षद सह शिक्षा समिति अध्यक्ष राजकिशोर चौधरी, उनके भाई रंजन चौधरी, नरेश चौधरी सहित अन्य लोगों को आरोपित किया गया है। आवेदन में शिक्षकों और रसोइया के साथ मारपीट, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

वहीं, दूसरी ओर ग्रामीणों ने भी विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीआईजी और डीईओ को आवेदन दिया है। स्थानीय निवासी नंदलाल पासवान ने अपने आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले पुत्र के साथ कथित मारपीट और शिकायत करने पर दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच विद्यालय में पिछले पांच दिनों से पठन-पाठन पूरी तरह ठप है। असुरक्षा की भावना के कारण शिक्षक विद्यालय जाने के बजाय प्रखंड संसाधन केंद्र में हाजिरी बना रहे हैं। इससे नामांकित 453 छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

इधर, डीईओ ने बीईओ नवहट्टा को स्थानीय प्रशासन और पुलिस से समन्वय स्थापित कर अपनी देखरेख में विद्यालय में जल्द पठन-पाठन बहाल कराने का निर्देश दिया है। अब प्रशासनिक पहल और पुलिस जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट