सहरसा। महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन, सहरसा द्वारा इस्लामिया +2 हाई स्कूल, सिमरी बख्तियारपुर में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा, शिक्षा, अधिकार, लैंगिक समानता तथा सरकारी सहायता एवं संरक्षण सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर से मिलने वाली निःशुल्क सहायता सेवाओं के बारे में बताया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान बाल विवाह की रोकथाम, बालिका शिक्षा, लैंगिक समानता, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर संवाद किया गया।
विद्यार्थियों ने महिला सुरक्षा, शिक्षा और करियर से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल एवं व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा हिंसा, उत्पीड़न या असुरक्षित परिस्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल उचित माध्यम से सहायता लेने की अपील की।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट