सहरसा : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने को लेकर बिजली विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में विद्युत अधीक्षण अभियंता संतोष कुमार ने सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा जिले के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर बिजली आपूर्ति, विद्युत सुरक्षा और संभावित जोखिम वाले स्थानों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छठ महापर्व के दौरान विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी - विद्युत अधीक्षण अभियंता
विद्युत अधीक्षण अभियंता ने तीनों जिलों के विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में बिजली के तार, पोल, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य समय से पूरा करने को कहा गया। विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले घाटों पर सुरक्षा मानकों का पालन करने, खुले एवं जर्जर तारों को दुरुस्त करने व पानी के संपर्क में आने वाले विद्युत उपकरणों से दुर्घटना की आशंका दूर करने का निर्देश दिया गया। लोहे के विद्युत पोल पर डाइइलेक्ट्रिक पेंट के साथ प्लास्टिक रैपिंग कराने को भी कहा गया।
अग्निशमन पदाधिकारी नें छठ पर्व पर पूरब बाजार स्थित छठ घाट का निरीक्षण
लोक आस्था के महापर्व पर छठ के मद्देनजर शुक्रवार को जिला अग्निशमन पदाधिकारी सीमा भारती के द्वारा जयसवाल पोखर, पूरब बाजार स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर अग्निशमन पदाधिकारी ने छठ पूजा के दौरान काफी सतर्कता बरतने एवं छठव्रतियों को सुविधा व सहुलियत प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान छठ घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आग से बचाव एवं अग्नि सुरक्षा के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना से बचाव हेतु सतर्कता बरतने एवं आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी भगवान पासवान, सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी धीरज कुमार, अग्निक नीलम कुमारी, अग्निक अनुपम कुमार एवं अग्निक चालक सहित अन्य अग्निशमन कर्मी उपस्थित रहे।
नहाय खाय के साथ 4 दिवसीय छठ महापर्व शुरू, 50 से एक सौ रुपए के बीच बिका कद्दू
हिंदुओं के आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा अनुष्ठान शुक्रवार से शुरू हो गया।महापर्व के पहले दिन का पहला विधान नहाय खाय का है। इस दिन व्रती महिलाएं स्रान कर पर्व का गेहूं सुखाती है। नियम निष्ठा के सबसे अधिक महान पर्व में गेहूं सूखने तक व्रती वहीं टिकी होती है। व्रती इस दिन अरवा अन्न ग्रहण करती है। जिसमें अरवा चावल का भात, चने की दाल व कद्दू की सब्जी होती है। इस दिन से त्योहार वाले घरों में लहसून व प्याज का प्रयोग पूर्ण रूप से वर्जित हो जाता है। नहाय खाय को लेकर शुक्रवार की सुबह से देर शाम तक सब्जी बाजार सहित अन्य जगहों पर कद्दू की खूब खरीदारी हुई।इसके अलावा कई लोगों ने अपने पास पड़ोस में कद्दू बांटा। हालांकि, मांग के बावजूद आपूर्ति पर्याप्त रहने के कारण कद्दू का मूल्य सामान्य ही रहा। बाजार में यह 50 रुपए से 100 रुपए तक छोटे से बड़े साइज में बिका।
छठ पर्व को लेकर बाजार पूरी तरह तैयार है।जगह-जगह फलों की दुकान सज गयी है
इधर, छठ पर्व को लेकर बाजार पूरी तरह तैयार है। जगह-जगह फलों की दुकान सज गयी है। भरपूर मात्रा में तरह तरह के फलों के आवक के कारण छठ पर्व पर ज्यादा महंगाई का प्रभाव पड़ता नहीं दिख रहा है। एक माह पूर्व की तुलना में लगभग सभी फलों की कीमतें उसी प्रकार स्थिर है। थोक विक्रेताओं के अनुसार अंतिम समय तक मूल्य वृद्धि की संभावना नहीं बनेगी। पिछले साल 50 रुपये जोड़ा तक बिकने वाला नारियल अब 60 से 100 रुपए प्रति जोड़ा बिक रहा है। वहीं टाब नींबू की कीमत सामान्य व्यक्ति के पहुंच में रहते 15 से 20 रुपए जोड़ा मिल रहा है। केला चार सौ से आठ सौ रुपए घौर एवं 40 से 70 रुपए प्रति दर्जन की दर से उपलब्ध है। ईख 15 से 25 रुपए गोटा उपलब्ध है। सेब की कीमत आम दिनों की तरह एक सौ से 180 रुपए किलो है। जबकि नारंगी एक सौ रुपए की दर से बिक रहा है। छठ के सूप का श्रृंगार समझा जाने वाला अल्हुआ 80, सुथनी 80, आदी एक सौ व हल्दी एक सौ रुपए प्रति किलो एवं पानी फल सिंहारा 80 रुपए की दर से लोगों को उपलब्ध हो रहा है।
वहीं अर्कपत्ता 25 रुपए दर्जन बिक रहे हैं। जबकि बद्धी 12 रुपए से 24 रुपए प्रति दर्जन की दर से उपलब्ध है। रहमान चौक में 20 वर्षों से छठ परंपरा का निर्वाहन कर रहें रहमान चौक की बिना देवी, निशा रानी एवं रानी कुमारी पिछले 20 वर्षों से लगातार छठ महापर्व के नहाय-खाय की परंपरा श्रद्धा और आस्था के साथ निभा रही हैं। वहीं तिवारी टोला निवासी ज्योति मिश्र ने बताया कि वे छठ महापर्व में शुद्घता, पवित्रता एवं मर्यादा का विशेष पालन कर प्रकृति के साक्षात देवता भगवान सूर्य व षष्ठी माता की पूजा की जाती है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट