बलवाहाट बाजार में शॉर्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड, आशीष इंटरप्राइजेज का गोदाम जलकर राख

सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड अंतर्गत बलवाहाट बाजार में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड हो गया। आग लगने से हार्डवेयर व्यवसायी जवाहर गुप्ता की दुकान आशीष इंटरप्राइजेज का गोदाम जलकर पूरी तरह राख हो गया।

सहरसा। सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड अंतर्गत बलवाहाट बाजार में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण अग्निकांड हो गया। आग लगने से हार्डवेयर व्यवसायी जवाहर गुप्ता की दुकान आशीष इंटरप्राइजेज का गोदाम जलकर पूरी तरह राख हो गया। अगलगी की इस घटना में हार्डवेयर सामान, प्लाईवुड, रंग-पेंट सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई।

आग की विकराल लपटें देखकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर दमकल की एक छोटी गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद तीन बड़ी दमकल गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी। 

अंततः जिला मुख्यालय से चौथी बड़ी दमकल गाड़ी पहुंची, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस अग्निकांड में व्यवसायी को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। घटना के बाद बाजार के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट