बकाया टैक्स और ई-चालान वाले वाहनों पर चलेगा विशेष अभियान, नियम तोड़ने पर होगी जब्ती

सहरसा जिले में बकाया मोटर वाहन टैक्स एवं लंबित ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ परिवहन विभाग अब सख्त कार्रवाई करेगा। इसके लिए जिला परिवहन कार्यालय की ओर से प्रतिदिन विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा।

सहरसा : सहरसा जिले में बकाया मोटर वाहन टैक्स एवं लंबित ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ परिवहन विभाग अब सख्त कार्रवाई करेगा। इसके लिए जिला परिवहन कार्यालय की ओर से प्रतिदिन विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। जांच के दौरान बकाया ई-चालान मिलने पर संबंधित वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। 

DTO सुजीत कुमार बरनवाल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया

जिला परिवहन पदाधिकारी सुजीत कुमार बरनवाल की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि लंबित ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहनों की ऑनलाइन परिवहन सेवाएं बाधित की जाएंगी। साथ ही वाहनों को वाहन सॉफ्टवेयर पर ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। ऐसे वाहनों के आरसी नवीनीकरण, फिटनेस प्रमाण पत्र, स्वामित्व हस्तांतरण और अन्य ऑनलाइन सेवाओं पर भी रोक लगाई जा सकती है। 

12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत में 50 प्रतिशत तक मिलेगी छूट

वहीं, बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान के दौरान वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, फिटनेस और बकाया टैक्स की जांच की जाएगी। 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत में 50 प्रतिशत तक छूट मिलेगी।  वाहन मालिकों को राहत देने के लिए 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होगी। इसमें पात्र लंबित ई-चालानों के मामलों में निर्धारित नियम एवं शर्तों के अनुसार, 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।

अभिभावकों से कम उम्र के बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने का आग्रह किया

जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने बकाया टैक्स और ई-चालान का जल्द भुगतान कराएं और वाहनों के सभी जरूरी कागजात अपडेट रखें। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से कम उम्र के बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर विभाग गंभीर है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट