सहरसा। सहरसा जिले में अवैध मादक पदार्थों, शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 128 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप (कोरेक्स) बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को सदर थाना की टीओपी-02 पुलिस टीम रात्रि गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली कि नया बाजार, सहरसा बाइपास स्थित पासवान टोला में दो व्यक्तियों ने अपने घर में भारी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप छिपाकर रखा है।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों ने अपना नाम तपस्वी कुमार उर्फ बाबुल कुमार और नंद कुमार झा बताया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में पलंग के नीचे छिपाकर रखे गए आठ कार्टन बरामद हुए।
प्रत्येक कार्टन में 160 पीस कोडीनयुक्त कफ सिरप था। इस प्रकार कुल 1280 पीस कफ सिरप बरामद किया गया, जिसकी कुल मात्रा 128 लीटर बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में सदर थाना कांड संख्या 1274/2026, दिनांक 13 अक्टूबर 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में तपस्वी कुमार उर्फ बाबुल कुमार, पिता नंद कुमार झा, तथा नंद कुमार झा, पिता स्वर्गीय रामेश्वर झा शामिल हैं। दोनों नया बाजार, सहरसा बाइपास स्थित पासवान टोला, वार्ड संख्या 03/11, सदर थाना क्षेत्र, जिला सहरसा के निवासी बताए गए हैं।
इस कार्रवाई में सदर थाना के थानाध्यक्ष अजय पासवान, टीओपी-02 प्रभारी राजेंद्र कुमार सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट